भाजपा के विनाश के लिए सपा के साथ : कल्याण
समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया मुलायम सिंह यादव और पार्टी महासचिव अमर सिंह से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कल्याण ने कहा, "भाजपा को हराने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ूंगा। मैं भाजपा के विनाश के लिए काम करूंगा और हरसंभव कोशिश करूंगा कि उसके नेतृत्व में केंद्र में कोई सरकार न बने।"
कल्याण ने बुधवार को लखनऊ में एक बयान जारी कर बाबरी विध्वंस की जिम्मेदारी ली थी और आज खुद मीडिया के समक्ष उपस्थित होकर उन्होंने कहा, "मैं बाबरी विध्वंस की पूरी जिम्मेदारी अपने ऊपर लेता हूं। बाबरी मस्जिद विध्वंस की नैतिक जिम्मेदारी मैंने बहुत पहले ही ले ली थी और उसी दिन मैंने मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था।"
कल्याण सिंह ने कहा था कि हिंदू और मुसलमान दोनों इस देश के सम्मानित नागरिक हैं और सभी के सम्मान की रक्षा होनी चाहिए।
उन्होंने कहा, "मेरे सपा में आने से मुसलमान सपा से बिदक जाएंगे ऐसा नहीं है। क्योंकि भाजपा मुसलमानों की दुश्मन है और मैं भाजपा का खात्मा चाहता हूं। हमारे लक्ष्य एक हैं।"
उन्होंने कहा कि लोकसभा के आगामी चुनाव में वे पूरी तरह सपा के साथ खड़े रहेंगे और प्रयास करेंगे कि सपा को लोकसभा की अधिक से अधिक सीटों पर विजय मिले। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा, "मैं उत्तरप्रदेश में सपा की अगली सरकार बनाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा दूंगा। मेरा उद्देश्य है कि मैं उत्तरप्रदेश को बहुजन सामज पार्टी (बसपा) के आतंक और उसके गुंडाराज से मुक्ति दिलाऊं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications