हिलेरी क्लिंटन जल्द करेंगी दक्षिण एशिया का दौरा
वाशिंगटन, 6 फरवरी (आईएएनएस)। अमेरिका के विदेश विभाग का कहना है कि अफगानिस्तान और पाकिस्तान के लिए नियुक्त विशेष अमेरिकी दूत रिचर्ड होलब्रूक के दक्षिण एशियाई दौरे के बाद विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन भी वहां का दौरा करेंगी।
हिलेरी जल्द ही पूर्व एशियाई देशों के दौरे पर जा रही हैं। इस पर विदेश विभाग के प्रवक्ता रॉबर्ट वूड ने गुरुवार को संवाददाताओं को बताया कि हिलेरी के इस दौरे से एशिया और पूरी दुनिया में इस क्षेत्र के महत्व और अमेरिकी विदेश नीति के एजेंडे के बारे में अच्छा संकेत जाएगा।
प्रवक्ता से पूछा गया कि हिलेरी ने अपने एशिया प्रवास में दक्षिण एशिया और खासकर भारत को क्यों नहीं शामिल किया है तो इस पर उन्होंने कहा, "वह जल्द ही दक्षिण एशिया का दौरा करेंगी।"
वूड ने कहा, "हिलेरी दक्षिण एशिया के दौरे पर जाएंगी लेकिन हम सभी को मालूम है कि होलब्रूक भी इस क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं।"
प्रवक्ता ने कहा कि 15 फरवरी से शुरू हो रहे इस दौरे में अमेरिकी विदेश मंत्री जापान, इंडोनेशिया, दक्षिण कोरिया और चीन का दौरा करेंगी। इस दौरान वह अंतर्राष्ट्रीय जगत के समक्ष आ रही सामूहिक चुनौतियों जैसे वित्तीय बाजारों में उथलपुथल, मानवीय मुद्दों, सुरक्षा और जलवायु परिवर्तन पर चर्चा करेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications