गुजरात सरकार आरोपी मंत्री का बचाव कर रही है : कांग्रेस
अहमदाबाद, 6 फरवरी (आईएएनएस)। कांग्रेस ने गुजरात की सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर वर्ष 2002 के गुजरात दंगों की आरोपी मंत्री मायाबेन कोडनानी को बचाने का आरोप लगाया है।
विपक्ष के नेता शक्तिसिंह गोहिल ने आईएएनएस को बताया, "कोडनानी को भगोड़ा घोषित करने की घटना बेमिसाल है। पहली बार ऐसी कोई घटना हुई है जिसमें एक मंत्री को भगोड़ा घोषित किया गया है।"
उन्होंने कहा कि कोडनानी को अग्रिम जमानत लेने से पहले अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए था। यह मुख्यमंत्री की नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि कोडनानी को वे इस्तीफा देने को बाध्य करते। प्रदेश सरकार और भाजपा ने पहले उसे छुपाए रखने में मदद की और फिर उनके अग्रिम जमानत में।
कोडनानी को गुरुवार शाम यहां की एक स्थानीय अदालत से अग्रिम जमानत मिल गई थी। सत्र न्यायाधीश ए. के. अश्वनी ने मायाबेन समेत विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के नेता जयदीप पटेल को भी अग्रिम जमानत दी थी।
उल्लेखनीय है कि मायाबेन पर आरोप है कि उन्होंने वर्ष 2002 में हुए गुजरात दंगे के दौरान नरोदा गाम और नरोदा पाटिया क्षेत्र में लोगों को उकसाने का काम किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications