उत्तर प्रदेश में भाजपा और रालोद का समझौता आखिरी दौर में
रालोद के प्रदेश अध्यक्ष राम आसरे वर्मा ने आईएएनएस से बातचीत में शुक्रवार को यह संकेत दिए। उन्होंने बताया, "भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह की रालोद सुप्रीमो अजीत सिंह से इस संबंध में बातचीत हो गई है। राजनाथ सिंह ने सीतापुर सीट हमें देने के संकेत दिए हैं।"
पार्टी सूत्रों के मुताबिक भाजपा रालोद को बागपत, मुजफ्फरनगर, मथुरा, अमरोहा, हाथरस, नगीना और सीतापुर सीटें देने को तैयार हो गई है। दोनों दलों के बीच जिन सीटों पर अभी भी विवाद बना हुआ है वे हैं संभल, सहारनपुर और बिजनौर। भाजपा यह सीटें रालोद को नहीं देना चाह रही है जबकि अजीत सिंह इन सीटों की मांग कर रहे हैं।
रालोद के प्रवक्ता अनिल दुबे ने कहा कि बहुत जल्द सीटों का विवाद सुलझा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की नागपुर में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद बहुत जल्द दोनों पार्टियों की तरफ से गठबंधन को लेकर आधिकारिक घोषणा हो सकती है।
वर्ष 2004 के लोकसभा चुनाव में रालोद ने समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था और तीन सीटें जीती थीं। रालोद से गठबंधन के बारे में पूछे जाने पर भाजपा नेता कहते हैं कि यह फैसला पार्टी आलाकमान को करना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications