पाकिस्तानी न्यायालय ने ए. क्यू. खान को रिहा किया (लीड-1)
अदालत के फैसले के बाद रिहा हुए खान ने कहा, "ऐसी चीजें होती हैं। हमें इसे भूल जाना चाहिए और आगे की ओर देखना चाहिए।"
खान ने कहा कि पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ भी जेल में रह चुके हैं।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "सरकार ने मेरी रिहाई का प्रबंध किया है और मुझे कोई नुकसान नहीं पहुंचा सकता। अब सरकार ही मेरा ख्याल रखेगी।"
समाचार चैनल 'जियो टीवी' के अनुसार मुख्य न्यायाधीश सरदार मुहम्मद असलम ने अपने फैसले में कहा कि खान पाकिस्तान में कहीं भी जाने के लिए आजाद हैं। उनके खिलाफ लगाए गए परमाणु तकनीक के प्रसार के आरोप साबित नहीं हुए हैं।
खान को सुरक्षा कारणों से कहीं जाने से पहले इसकी सूचना पाक सरकार को देनी होगी। अदालत ने सरकार को आदेश दिया है कि वह खान को तत्काल सुरक्षा मुहैया कराए।
खान के वकील अली जफर ने टेलीविजन चैनल 'डॉन न्यूज' से बातचीत में कहा, "मैं पूरे पाकिस्तान का आभारी हूं कि अदालत ने खान को एक स्वतंत्र नागरिक करार दिया है। "
उल्लेखनीय है कि मई, 2008 में आईएएनएस को दिए साक्षात्कार में खान ने कहा था कि उन्होंने कभी भी अवैध रूप से परमाणु तकनीक को नहीं बेचा। उन्होंने खुद को निर्दोष करार दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications