विजयन ने सोमनाथ को माकपा का सबसे विश्वासघाती नेता बताया
कोझीकोड़, 6 फरवरी (आईएएनएस)। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की केरल ईकाई के सचिव पिनारई विजयन ने लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी को पार्टी का सबसे विश्वासघाती नेता बताया है।
पत्रकारों से चर्चा के दौरान विजयन ने कहा, "सोमनाथ पार्टी के सबसे बड़े विश्वासघाती हैं। कृपा करके उनकी तुलना राज्य के मुख्यमंत्री वी. एस. अच्युतानंदन से न करें।"
विजयन के इस बयान को अच्युतानंदन के साथ उनके संबंधों में आए तनावों को कम करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि एक रैली के दौरान केरल सरकार के राज्य मंत्री जी. सुधाकरन ने कहा था कि विश्वासघातियों का पार्टी में कोई स्थान नहीं होना चाहिए।
सुधाकरण के इस बयान के बारे में विजयन से जब यह पूछा गया कि क्या उनका बयान अच्युतानंदन के संदर्भ में था तो इस पर विजयन ने कहा, "नहीं, यह अच्युतानंदन के लिए नहीं बल्कि सोमनाथ के लिए था।"
उल्लेखनीय है कि सोमनाथ चटर्जी को पिछले वर्ष 23 जुलाई को लोकसभा में हुए विश्वास मत के बाद पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। पार्टी ने सोमनाथ को विश्वास मत से पहले पद से इस्तीफा देने को कहा था लेकिन उन्होंने इस्तीफा देने से इंकार कर दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications