बिहार में एसएमएस से होगी मध्याह्न् भोजन योजना की निगरानी
एसएमएस के जरिए विद्यालयों में चल रही मध्याह्न् भोजन योजना से जुड़ी जानकारी प्रतिदिन मुख्यालय को देनी होगी। इस योजना से अब शिक्षकों को हटाकर स्वयंसेवी संगठनों को इसका जिम्मा दिया जाएगा।
इसकी घोषणा करते हुए मानव संसाधन विकास विभाग के प्रधान सचिव अंजनी कुमार सिंह ने पत्रकारों को बताया कि एसएमएस के जरिए राज्य के सभी विद्यालयों पर नजर रखी जा सकेगी। उन्होंने बताया कि छात्रों की पढ़ाई में व्यवधान को देखते हुए इस योजना से शिक्षकों को भी दूर रखा जाएगा।
सिंह के अनुसार मध्याह्न् भोजन योजना के तहत विद्यालयों में खाना बना या नहीं, खाना बना तो कितने छात्रों को खाना मिला आदि सारी जानकारियों का लेखा-जोखा रोजाना एसएमएस के जरिये मुख्यालय को सभी विद्यालयों से भेजा जाएगा।
सिंह ने बताया कि निजी संस्थाओं पर नियंत्रण रखने के लिए विद्यालय के किसी एक शिक्षक को जिम्मा सौंपा जाएगा। ये शिक्षक प्रतिदिन दोपहर के भोजन वितरण के बाद एसएमएस भेजकर विभाग को सूचना देंगे। उन्होंने बताया कि इस योजना से जिला शिक्षा अधीक्षकों को भी अलग कर दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications