भारत दौरे पर होलब्रूक के एजेंडे में नहीं होगा कश्मीर : अमेरिका
वाशिंगटन, 5 फरवरी (आईएएनएस)। अमेरिका ने कहा है कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान के लिए नियुक्त विशेष अमेरिकी दूत रिचर्ड होलब्रूक के एजेंडे में कश्मीर का मुद्दा शामिल नहीं है और उनका आगामी भारत दौरा अफगानिस्तान में शांति और स्थिरता लाने के प्रयासों का एक हिस्सा है।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता रॉबर्ट वूड ने बुधवार को संवददाताओं को बताया, "दक्षिण एशिया में भारत एक महत्वपूर्ण देश है और उसके भी हित अफगानिस्तान से जुड़े हुए हैं। होलब्रूक अपने नई दिल्ली प्रवास के दौरान भारत सरकार से इस संदर्भ में बात करेंगे कि हम सब मिलकर कैसे अफगानिस्तान में शांति और स्थिरता ला सकते हैं।"
यह पूछे जाने पर कि क्या भारत दौरे के समय होलब्रूक कश्मीर मुद्दे को उठा सकते हैं, इस पर वूड ने कहा, "कश्मीर उनके विभाग में कभी भी शामिल नहीं था। वह पाकिस्तान और अफगानिस्तान के लिए प्रतिनिधि नियुक्त हुए हैं।"
उल्लेखनीय है कि होलब्रूक इसी सप्ताह जर्मनी में आयोजित होने वाले एक सुरक्षा सम्मेलन में शिरकत करने के बाद पाकिस्तान, अफगानिस्तान और फिर भारत का दौरा करेंगे। वह बुधवार को लंदन से जर्मनी के शहर म्यूनिख के लिए रवाना हुए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications