भोपाल में बिरला मंदिर की सुरक्षा पर कैमरे की नजर
भोपाल के प्रमुख मंदिरों में से एक है बिरला मंदिर। तालाबों की इस नगरी में घूमने आने वाला लगभग हर सैलानी बिरला मंदिर जरूर जाता है। यही वजह है कि इस मंदिर में पहुंचने वाले सैलानियों की संख्या बहुत ज्यादा है। इसके अलावा विशेष अवसरों पर मंदिर में मेला सा लगा रहता है। बढ़ती भीड़ और देश में घटती आतंकी घटनाओं के चलते सुरक्षा इंतजाम और कड़े किए गए हैं।
वैसे तो इस मंदिर परिसर में प्रवेश का एक ही द्वार है जिस पर एक महिला और एक पुरुष सुरक्षाकर्मी मेटल डिटेक्टर के साथ तैनात रहते हैं। इस तरह मंदिर में प्रवेश से पहले किसी को भी मेटल डिटेक्टर से होकर गुजरना पड़ता है। साथ ही मंदिर परिसर में भी सुरक्षाकर्मियों की तैनाती रहती है।
मंदिर समिति के प्रबंधक एम़ पी़ शर्मा ने आईएएनएस को बताया कि इतना कुछ होने के बाद भी सुरक्षा में कोई चूक न हो, इसे ध्यान में रखकर मंदिर में पांच सीसी कैमरे लगाए गए हैं। सात लाख की लागत से लगे इन कैमरों ने गत मंगलवार से काम करना शुरू कर दिया है।
मंदिर समिति के प्रबंधक के मुताबिक लगाए गए कैमरों में से दो में जूम की सुविधा है, जबकि तीन एक स्थिति में रहते हुए हर तरफ नजर रखेंगे। इन सभी कैमरों का संबंध नियंत्रण कक्ष से रहेगा। यहां बैठा हुआ विशेषज्ञ स्क्रीन पर आने वाली पांचों कैमरों की तस्वीरों पर नजर रखेगा। जिस भी स्थान पर कुछ नजर आएगा वह उसे पूरी स्क्रीन पर बढ़ाकर देख सकेगा।
बिरला मंदिर दिन में दो बार खुलता है और उसका समय भी नियत है। वर्तमान में मंदिर सुबह साढ़े छह से दोपहर 12 बजे तक और शाम चार बजे से साढ़े आठ बजे तक खुलता है। समिति प्रबंधक बताते हैं कि मंदिर परिसर के मुख्य द्वार को भी जल्दी ही खोल दिया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications