बच्ची की बेरहम पिटाई ने शर्म से सिर झुका दिया : सोनिया
राजधानी में राष्ट्रीय बाल पुरस्कारों के वितरण के मौके पर सोनिया ने कहा, "बच्चे विश्व के लिए भगवान का उपहार होते हैं। भारत जैसे देश में बच्चों के साथ इस प्रकार का निर्मम व्यवहार हमारे सिर को शर्म से झुका देने वाला है। हम सभी को ऐसी घटनाओं के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए।"
उन्होंने कहा, "विश्व में सबसे अधिक 40 करोड़ बच्चों की तादाद हमारे देश में है। बच्चे देश के भविष्य हैं।"
सोनिया ने बाल श्रम के बढ़ते मामलों पर भी गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा, "मैं इस बात से बेहद चिंतित हूं कि आज भी बड़ी संख्या में बच्चे स्कूल जाने की बजाए काम करने को मजबूर हैं। बाल श्रम की समस्या को मिटाने के लिए हमें और मेहनत करने की जरूरत है।"
इस मौके पर उन्होंने कन्या भ्रूण हत्या और बाल विवाह की समस्या पर भी चिंता जताई।
महिला व बाल विकास मंत्री रेणुका चौधरी ने भी मौके पर कन्या भ्रूण हत्या पर रोक लगाने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि इटावा जिले के किलोखर गांव की एक आठ वर्षीय बालिका कोमल की पुलिस ने 280 रुपये की कथित चोरी के संदेह में निर्ममता के साथ पिटाई की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।