भारत-पाक समग्र वार्ता शुरू करें : बान की-मून (लीड-1)
मून ने पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की हत्या की जांच के लिए एक तीन सदस्यीय आयोग की भी घोषणा की है।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी के आवास पर बुधवार को एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में बान ने कहा, "मैंने गिलानी से भारत और पाकिस्तान के बीच मैत्री को कायम रखने और मजबूत बनाने के लिए कहा है।"
दोनों देशों के बीच कश्मीर मामले को एक महत्वपूर्ण मुद्दे की संज्ञा देते हुए संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय समुदाय की इच्छा है कि दोनों पड़ोसी देश इस और लंबे समय से लंबित अन्य मामलों को समग्र वार्ता के माध्यम से निपटाएं।
बान ने कहा, "ये सभी मुद्दे वार्ता के माध्यम से शांतिपूर्वक ढंग से हल किए जाने चाहिए।"
अफगानिस्तान से बुधवार को इस्लामाबाद पहुंचे संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने संवाददाताओं को बताया कि पाकिस्तान जिन चुनौतियों का सामना कर रहा है उनमें वैश्विक संगठन सहयोग के लिए तैयार है।
सरकारी टेलीविजन चैनल के मुताबिक मून ने गिलानी के साथ संवाददाता सम्मेलन में कहा कि एक समृद्ध पाकिस्तान सभी के हित में है।
उन्होंने पाकिस्तान में कुछ दिनों पहले संयुक्त राष्ट्र के एक अधिकारी के अपहरण और उसके चालक की हत्या पर संवेदना प्रकट की।
गिलानी ने कहा कि पाकिस्तान संयुक्त राष्ट्र के चार्टर और उद्देश्यों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा, "हम दुनिया के विभिन्न हिस्सों में शांति स्थापित करने के लिए संयुक्त राष्ट्र द्वारा चलाए जा रहे कई कार्यक्रमों में पूरे सहयोग का भरोसा दिलाना चाहते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications