मंदी के बावजूद फल-फूल रहा आईआईएम-लखनऊ द्वारा संचालित म्यूचुअल फंड
लखनऊ, 5 फरवरी (आईएएनएस)। वैश्विक मंदी ने दुनिया के नामी कारपोरेट घरानों की नींव हिला दी है, लेकिन शीर्ष प्रबंधन संस्थान आईआईएम-लखनऊ के छात्रों द्वारा संचालित म्यूचुअल फंड 'क्रिडेंस कैपिटल' पर इस संकट का कोई असर नहीं दिख रहा है। इस घोर संकट में भी इसमें भारी इजाफा हुआ है।
पिछले दो वर्षो से भी कम समय में इस फंड की राशि दोगुनी हो गई है। इस फंड की शुरुआत छात्रों के लिए की गई थी। क्रिडेंस कैपिटल के कोष प्रबंधक ऋषभ सांघवी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "हमने अगस्त, 2007 में 300,000 रुपए से इस फंड की शुरुआत की थी। घोर मंदी के बावजूद यह रकम बढ़कर 600,000 रुपए हो गई। जाहिर है यह मंदी इस फंड में छात्रों का विश्वास नहीं हिला पाई है।"
इस संस्थान में स्नातकोत्तर द्वितीय वर्ष के छात्र सांघवी का कहना है कि मंदी इस फंड के लिए बेमानी साबित हुई है। उन्होंने कहा, "हमने म्यूचुअल फंड के वित्तीय प्रबंधन का व्यावहारिक अनुभव हासिल करने के लिए इस फंड की शुरुआत की थी। हमारा अनुभव बेहद उपयोगी साबित होगा, क्योंकि विपरीत परिस्थितियों में हमने यह सफलता अर्जित की है।"
क्रिडेंस से जुड़ी अदिति गर्ग ने कहा, "जब हमने यह फंड शुरू किया था, हमारा नेट एसेट वैल्यू (एनएवी) 10 हुआ करता था जो अब बढ़कर 25़7 हो गया है।" म्यूचुअल फंड के एक शेयर का मूल्य एनएवी कहलाता है। यह प्रतिभूतियों के बाजार मूल्य पर आधारित होता है। इस फंड के सदस्यों की संख्या बढ़कर 60 हो गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications