पाक की मुंबई हमले में बांग्लादेश को भी घसीटने की कोशिश
एफआईए की रिपोर्ट जिसे शीघ्र ही भारत को भेजा जाएगा, में नवंबर में हुए मुंबई हमले की योजना बनाने और आतंकवादियों को प्रशिक्षण देने में हूजी की भूमिका का उल्लेख किया गया है।
'डॉन' अखबार ने गुरुवार को कहा कि रिपोर्ट में संभवत: यह संकेत है कि मुंबई हमला दक्षिण एशिया से मध्य एशिया तक फैले इस्लामी कट्टरपंथी नेटवर्क का काम था।
अखबार के अनुसार आतंरिक मंत्रालय में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में रखी गई रिपोर्ट के जानकारों के अनुसार इसमें कहा गया है कि मुंबई हमला केवल भारत और पाकिस्तान का मामला नहीं है।
जांचकर्ताओं का यह भी मानना है कि हमलावरों में कम से कम एक बांग्लादेशी था। पश्चिमी देश के एक वरिष्ठ राजनयिक ने अखबार को बताया कि इस बात की काफी अधिक संभावना है कि एक हमलावर बांग्लादेशी नागरिक था।
पाकिस्तानी जांचकर्ताओं का यह भी मानना है कि भारत में स्थानीय समर्थन के बिना हमले की योजना को इतनी सफाई से अंजाम नहीं दिया जा सकता था।
डॉन के अनुसार भारत को भेजी गई दो प्रश्नावलियों में भी इस मुद्दे को उठाया गया था। भारत ने केवल एक प्रश्नावली का उत्तर वह भी अमेरिकी संघीय जांच ब्यूरो के माध्यम से भेजा था। दूसरी प्रश्नावली के जवाब की अभी प्रतीक्षा की जा रही है।
जांचकर्ताओं का यह भी मानना है कि मुंबई हमला अल कायदा द्वारा नियंत्रित भी हो सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications