छंटनी, कटौती से अमेरिका के 98 प्रतिशत शहरों में बेरोजगारी बढ़ी
वाशिंगटन, 5 फरवरी (आईएएनएस)। नौकरियों में कटौती और छंटनी ने पूरे अमेरिका में कर्मचारियों को प्रभावित किया है। एक रिपोर्ट के अनुसार 98 प्रतिशत शहरों में बेरोजगारी की दर में वृद्धि हुई है।
सीएनएन ने प्लेसमेंट कंपनी चैंलेंजर ग्रे एंड क्रिसमस के हवाले से कहा कि जनवरी में पिछले सात वर्षो की तुलना में सबसे अधिक नौकरियां खत्म हुई हैं। एडीपी की राष्ट्रीय रोजगार रिपोर्ट के अनुसार निजी क्षेत्र में 522,000 नौकरियां खत्म हुईं।
जनवरी में 241,749 नौकरियों को समाप्त करने की घोषणा हुई, जो दिसम्बर में 166,248 नौकरियों की कटौती की तुलना में यह 45 प्रतिशत अधिक है। जनवरी 2002 के बाद से यह नौकरियों में की गई सबसे बड़ी कटौती है।
खुदरा बिक्री के क्षेत्र के लिए त्योहारों का यह समय दशकों बाद सबसे खराब सत्र रहा। रिटेल क्षेत्र में 53,968 नौकरियां समाप्त करने की घोषणा की गई।
इससे अलग ट्रिम टैब्स निवेश शोध ने बुधवार को कहा कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था में दिसम्बर में 683,000 और जनवरी में 650,000 नौकरियां समाप्त हुई हैं।
श्रम विभाग के अनुसार 369 मेट्रोपोलिटन इलाकों में से 363 में दिसम्बर 2008 में बेरोजगारी की दर बढ़ी है।
रिपोर्ट के अनुसार 168 मेट्रो इलाकों में बेरोजगारी दर सात फीसदी हो गई है। एक वर्ष पहले केवल 33 क्षेत्रों में इतनी अधिक बेरोजगारी दर थी। 40 इलाकों में बेरोजगारी दी 10 प्रतिशत और केवल 22 इलाकों में बेरोजगारी दर चार प्रतिशत है। पिछले वर्ष 122 महानगरीय इलाकों में बेरोजगारी दर चार प्रतिशत थी।
लेबर विभाग के अनुसार शुक्रवार को जारी एक रिपोर्ट में कहा कि 500,000 और नौकरियां समाप्त हो सकती हैं। रिपोर्ट के अनुसार बेरोजगारी दर के 7.2 प्रतिशत से बढ़कर 7.5 प्रतिशत पर पहुंचने की उम्मीद है। वर्ष 1993 के बाद से यह सबसे अधिक है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications