स्पेन में गिरफ्तार भारतीय से राजनयिक संपर्क चाहता है भारत (लीड-3)
आधिकरिक सूत्रों के अनुसार सरकार ने जंगीत सिंह नामक इस व्यक्ति से भारतीय राजनयिक के मिलने की मांग पहले ही कर दी है।
सिंह और अन्य 12 आरोपियों को मंगलवार को जाली दस्तावेजों के आरोप में गिरफ्तार किया गया और उन्हें मेड्रिड की एक अदालत में पेश किया गया।
यह गिरफ्तारी बार्सीलोना व पूर्वी वैलेंसिया शहर के बीच की गई। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गिरफ्तार आरोपियों के संबंध आतंकी समूह अल कायदा से हैं या नहीं।
इससे पहले यूरोप के मीडिया नेटवर्क में कहा गया था कि स्पेन पुलिस ने अल कायदा से कथित संबंधों के आरोप में 15 लोगों को गिरफ्तार किया, इसमें कम से कम एक भारतीय है।
स्पेनी पुलिस की ओर से मंगलवार को जारी एक बयान में कहा गया था कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 11 पाकिस्तानी, एक भारतीय व एक नाइजीरियाई नागरिक हैं। इन सभी पर एक अंतराष्ट्रीय आपराधिक गिरोह से संबंध होने का संदेह है। यह गिरोह जाली पासपोर्ट, ड्रग तस्करी तथा मानव तस्करी के धंधे में लिप्त है।
जांचकर्ताओं के अनुसार स्पेन के विभिन्न शहरों से पासपोर्ट चुराकर उनको थाईलैंड भेजा जाता था। जहां से उनको यूरोप के अन्य पांच देशों में सीमा पार करने में सहायता के लिए अपराधी समूहों को भेजा जाता था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस मामले में और भी गिरफ्तारियां की जा सकती हैं।
उल्लेखनीय है कि मार्च 2004 में मेड्रिड में अल कायदा ने रेलगाड़ियों को निशाना बनाया था। इस आतंकवादी हमले में 191 लोगों की मौत हुई थी और 1,800 घायल हुए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।