भाजपा ने की झारखंड के राज्यपाल को बर्खास्त करने की मांग
भाजपा का आरोप है कि रजी ने राज्य के खर्च के संबंध में केंद्र सरकार को जो रिपोर्ट भेजी है वह गलत है। साथ ही भाजपा ने यह भी कहा है कि रजी ने सभी महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी भी अपने पास रखी हुई है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रघुबर दास ने आईएएनएस को बताया, "रजी देश के ऐसे पहले राज्यपाल हैं जिन्होंने तीन सलाहकारों की नियुक्ति के बावजूद सभी महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी अपने पास रख रखी है। यही नहीं रजी ने राज्य का खर्च संबंधी जो ब्योरा केंद्र सरकार को भेजा है वह भी गलत है।"
उन्होंने कहा, "राज्यपाल ने पिछले सप्ताह केंद्र सरकार को खर्च संबंधी जो रिपोर्ट भेजी है उसमें उन्होंने 48 अरब रुपये का खर्च दिखाया है जबकि राज्य कोष से अभी तक सिर्फ 32 अरब रुपये ही निकाले गए हैं। गर्वनर की रिपोर्ट में 16 अरब रुपये का अंतर है।"
दास ने कहा, "केंद्र सरकार ने राज्यपाल की सहायता के लिए तीन-तीन सलाहकारों की नियुक्तियां की हैं लेकिन रजी ने सभी महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी अपने पास रख रखी है।"
उन्होंने कहा, "राज्यपाल ने सड़क, परिवहन व खान समेत सभी महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी अपने पास रख रखी है। इस मामले में उन्होंने तो बिहार के पूर्व राज्यपाल बूटा सिंह को भी पीछे छोड़ दिया है। यहां तक कि बूटा सिंह ने ऐसे महत्वपूर्ण विभाग अपने पास नहीं रखे थे।"
उन्होंने कहा कि भाजपा मांग करती है कि राज्यपाल को तत्काल उनके पद से हटाया जाए और उनके द्वारा केंद्र को भेजे गए खर्च की रिपोर्ट की जांच करवाई जाए। उन्होंने राज्य विधानसभा को भी जल्द से जल्द भंग कर नए सिरे से विधानसभा के चुनाव कराने की मांग की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications