मुझसे चूक हुई: ओबामा
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 4 फरवरी (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कई टेलीविजन साक्षात्कारों में अपनी चूक स्वीकार करते हुए कहा है उनके द्वारा मंत्री पद पर नामित दो व्यक्तियों के कर संबंधी विवाद में फंसने से परिवर्तन के उनके एजेंडे पर विपरीत प्रभाव पड़ने का भय है।
सीबीसी, सीएनएन और एनबीसी समाचार चैनलों पर दिए साक्षात्कारों में ओबामा ने कहा कि उनसे चूक हुई और वे इसकी जिम्मेदारी लेते हैं।
ओबामा ने सीनेट में बहुमत दल के नेता टॉम डैशले को स्वास्थ्य और मानव सेवाएं विभाग के मंत्री और नैंसी किलेफर को संघीय व्यय निरीक्षक के पद के लिए नामांकित किया था। ये दोनों मंगलवार को व्यक्तिगत कर समस्याओं संबंधी विवाद से घिर गए।
इससे पहले न्यू मेक्सिको के गवर्नर बिल रिचर्डसन ने राज्य में एक नैतिक जांच के चलते ओबामा द्वारा वाणिज्य मंत्री पद पर नामांकित किए जाने के बाद अपना नाम वापस ले लिया था। टिमोथी गाइटनर को 35,000 डॉलर का कर बकाया देरी से भुगतान करने के बावजूद सीनेट ने उनकी वित्त मंत्री के पद पर नियुक्ति को मंजूरी दे दी थी।
ओबामा ने टेलीविजन साक्षात्कार में कहा कि मैं ऐसा संदेश नहीं देना चाहता कि अमेरिका में दो प्रकार के नियम हैं। शक्तिशाली लोगों के लिए अलग और सामान्य लोगों के लिए भिन्न, जो रोज काम करते हैं और कर चुकाते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications