हिलेरी क्लिंटन ने दोबारा शपथ ली
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 3 फरवरी(आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा के बाद दोबारा शपथ लेने की बारी हिलेरी क्लिंटन की थी। हिलेरी ने देश की 67 वीं विदेश मंत्री के तौर पर दूसरी बार शपथ ली।
इससे पहले सीनेट ने 94-2 मतों से उनकी नियुक्ति पर सहमति की मुहर लगाई गई थी और तब हिलेरी ने अपने पूर्व सीनेट कार्यालय में आधिकारिक तौर पर विदेश मंत्री पद की शपथ ली थी। दूसरी बार उन्हें उप राष्ट्रपति जो बिडेन ने नामी हस्तियों की मौजूदगी में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
विदेश विभाग में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में हिलेरी के पति पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन, उनकी पुत्री चेल्सिया क्लिंटन, क्लिंटन परिवार के करीबी मित्र भारतीय-अमेरिकी उद्यमी संत सिंह चटवाल, हिलेरी की पूर्ववर्ती मैडलिन अल्ब्राइट, पूर्व विदेश मंत्री जेम्स बेकर, हेनरी किसिंजर, लारेंस इगलबर्गर, अमेरिकी काग्रेंस की अध्यक्ष नैंसी पेलोसी, सीनेट में बहुमत के नेता हैरी रीड, सिने हस्ती चेवी चेस और मशहूर डिजाइनर ऑक्सर डि ला रेंटा जैसी हस्तियां मौजूद थीं।
इस मौके पर हिलेरी ने कहा, "मैं यह जिम्मेवारी स्वीकार करते हुए बेहद गौरवान्वित और सम्मानित महसूस कर रही हूं। हमें अमेरिका के अतीत को संवारने के लिए काफी कुछ करना है। मैं यह जिम्मेवारी देने के लिए राष्ट्रपति ओबामा, उप राष्ट्रपति जो बिडेन और देश की जनता की आभारी हूं।" उन्होंने यहां तक के सफर में अपने पति की भूमिका की भी जमकर सराहना की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications