ब्रिटेन में हिमपात से जनजीवन प्रभावित
लंदन/पेरिस, 3 फरवरी (आईएएनएस)। ब्रिटेन में सोमवार को भीषण हिमपात की वजह से हवाई अड्डे और सड़कमार्ग बंद कर दिए गए तथा सार्वजनिक परिवहन सेवाएं ठप्प रहीं। मौसम विभाग ने देशभर में और ज्यादा हिमपात होने का अनुमान व्यक्त किया है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार सर्द हवाओं की वजह से तापमान शून्य से नीचे चले जाने और 10 से 40 सेंटीमीटर बर्फबारी होने से फं्रास का आधा हिस्सा और बेल्जियम भी इससे प्रभावित हुआ।
ब्रिटेन में ब्रिटिश एयरवेज और अन्य एयरवेज द्वारा 800उड़ानें रद्द करने की वजह से लंदन का मुख्य हीथ्रो हवाई अड्डा बंद कर दिया गया।
हवाई अड्डा प्रशासन ने बताया कि सोमवार को साइप्रस एयरवेज का विमान हीथ्रो हवाई अड्डे के रनवे पर फिसल गया था लेकिन सभी यात्री सुरक्षित बच गए।
हवाई अड्डे पर कल उतरने वाला यह आखिरी विमान था और उसके बाद खराब मौसम की वजह से हवाई अड्डे पर विमानों की आवाजाही रोक दी गई।
लंदन का सिटी हवाई अड्डा भी बंद कर दिया गया है जबकि गैटविक और स्टेंस्टेड में विमानों की आवाजाही कम है।
अगले दो दिन और ज्यादा हिमपात का अनुमान व्यक्त किया गया है। जिसकी वजह से दक्षिण-पूर्व इंग्लैंड, वेल्स और स्कॉटलैंड मुख्य रूप से प्रभावित होंगे। वर्ष 1991 के बाद का यह सबसे जबरदस्त हिमपात है।
चालकों और रेल नेटवर्क इस्तेमाल करने वालों से सिर्फ जरूरत पड़ने पर ही यात्रा पर निकलने को कहा गया है जबकि एंबुलेंस सेवाएं सिर्फ जान जोखिम में होने की स्थिति में ही चलेंगी।
प्रशासन का अनुमान है कि करीब 60 लाख लोग अपने कार्यालय नहीं पहुंच पाए जबकि हजारों स्कूल बंद रहे। पुलिस ने बताया कि माउंट स्नोडॉन में दो पर्वतारोही मारे गए।
लंदन में सभी बस सेवाएं रद्द कर दी गई है सिर्फ भूमिगत ट्यूब सर्विस जारी है।
उधर फ्रांस में बर्फबारी की वजह से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस












Click it and Unblock the Notifications