पाकिस्तान ने शाहिद मलिक को मुंबई हमले की जांच की जानकारी दी (लीड-2)
दूसरी ओर भारत की ओर से फिर दोहराया गया है कि मुंबई हमले की जांच के बारे में इस्लामाबाद से कोई आधिकारिक सूचना अभी तक नहीं मिल पाई है।
विदेश मंत्रालय के सूत्रों के हवाले से द न्यूज ने मंगलवार को लिखा, "विदेश मंत्रालय तथा गृह मंत्रालय के अधिकारियों के साथ मुंबई हमले के संदर्भ में महत्वपूर्ण मशविरा करने के लिए भारत में पाकिस्तान के राजदूत शाहिद मलिक को इस्लामाबाद बुलाया गया है।"
द न्यूज ने लिखा है, "मलिक को भारत के जवाबों की समीक्षा करने तथा राय मशविरा करने के लिए बुलाया गया है। पाकिस्तान द्वारा तैयार किए गए कागजात इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायुक्त सत्यब्रत पाल को सौंपा जाएगा।"
इससे पहले एबीसी न्यूज ने एक अज्ञात खुफिया अधिकारी के हवाले से खबर दी कि पाकिस्तान मुंबई हमले के संबंध में 125 लोगों के खिलाफ मुकदमा चला सकता है, लेकिन इनमें भारत द्वारा घोषित एक भी शीर्ष संदिग्ध आतंकवादी शामिल नहीं है।
इस समूह में मुंबई हमले के दौरान भारत में संदिग्ध संपर्क स्थापित करने वाला हर व्यक्ति शामिल है। इन सभी पर संदिग्ध संचार के लिए इंटरनेट फोन का उपयोग करने के आरोप में पाकिस्तान के साइबर अपराध कानून के तहत मुकदमा चलाया जाएगा।
अधिकारी ने कहा, "परंतु भारत द्वारा मुंबई हमले के प्रमुख दोषियों की सूची में शामिल प्रमुख नामों में से इसमें कोई नहीं है।"
दूसरी ओर भारत ने मंगलवार को एक बार फिर से पाकिस्तान को वैश्विक 'आतंकवाद का केंद्र' करार दिया है। भारत ने मुंबई हमले के दोषियों के खिलाफ "गंभीरतापूर्वक और दृढ़तापूर्वक" कार्रवाई करने का पाकिस्तान से आग्रह किया।
रक्षामंत्री ए.के.एंटनी ने 11 वें एशियाई सुरक्षा सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए कहा, "पाकिस्तान वैश्विक आतंकवाद का केंद्र बन गया है।"
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षो में जो सकारात्मक उपलब्धियां हासिल हुई थीं वे सब मुंबई हमलों के कारण नष्ट हो गईं। उन्होंने कहा कि इतना बड़ा हमला पाकिस्तानी तत्वों द्वारा ही नियोजित और क्रियान्वित किया जा सकता था।
एंटनी ने कहा कि ऐसे हमलों के अपराधियों और उन्हें प्रश्रय देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करना पाकिस्तान सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई इस पूरे दक्षिण एशिया के हित में होगी।
भारत ने 26 नवंबर 2008 को मुंबई में किए गए हमले के लिए पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा को जिम्मेदार ठहराया है।
इस हमले में 26 विदेशियों सहित 170 लोगों की मौत हुई थी और 300 से अधिक घायल हुए थे।
भारत ने पांच जनवरी को मुंबई हमलों में पाकिस्तानी तत्वों के हाथ होने के सबूत पाकिस्तान को सौंपे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।