देवबंद जाकर मौलानाओं से मिले अमर सिंह
प्रदेश के सहारनपुर के देवबंद स्थित दारुल उलूम वक्फ जाकर अमर सिंह ने वक्फ के सदस्य मौलाना सूफियान कासमी समेत अन्य कई मुस्लिम धर्मगुरुओं और मौलानाओं से मुलाकात की। इस मौके पर अमर सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) को बाबरी मस्जिद का कातिल करार दिया।
सिंह ने कहा कि देश की जनता भाजपा और आरएसएस को बाबरी विध्वंस के लिए कभी माफ नहीं करेगी। उनके कृत्य ने मुसलमानों के साथ-साथ हिंदुओं को भी आहत किया था, जिसकी याद आज भी लोगों के मन में ताजा है।
कल्याण सिंह का समर्थन करते हुए अमर सिंह ने कहा कि सपा और कल्याण का मिशन एक ही है, भाजपा का नाश करना। कल्याण और मुलायम सिंह यादव मिलकर बाबरी मस्जिद विध्वंस के दोषियों को नेस्तनाबूत करेंगे।
सिंह ने कहा कि पार्टी के कुछ नेता जो बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सम्पर्क में हैं, वे मुसलमानों के बीच कल्याण सिंह को लेकर भ्रम फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज पार्टी के जो नेता कल्याण सिंह से दोस्ती पर ऐतराज जता रहे हैं, उस समय उन्होंने क्यों नहीं ऐतराज जताया था जब मुलायम सिंह मंत्रिमंडल में कल्याण के बेटे राजवीर सिंह को शामिल किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications