कानून मंत्री भारद्वाज के बयान की भाजपा ने की आलोचना
भाजपा मुख्यालय में पार्टी महासचिव अरुण जेटली ने संवाददाताओं से कहा, "खेद है कि कांग्रेस और केंद्र सरकार चुनाव आयोग को निष्पक्ष संस्था बनाए रखने की इच्छुक नहीं है। नवीन चावला को हटाने संबंधी मुख्य निर्वाचन आयुक्त एन. गोपालस्वामी की सिफारिश की सरकार द्वारा जांच से पहले ही कानून मंत्री हंसराज भारद्वाज ने कह दिया कि चावला को मुख्य निर्वाचन आयुक्त बनाया जा सकता है।"
जेटली ने कहा कि भाजपा ऐसे पक्षपाती व्यक्ति को मुख्य निर्वाचन आयुक्त बनाने की आलोचना करती है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का यह तर्क कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त को नियुक्त करने के साथ ही उसे हटाने का भी अधिकार उसके पास है, पूरी तरह बेबुनियाद है।
जेटली ने कहा कि नियंत्रक और महालेखा परीक्षक, संघ लोकसेवा आयोग के अध्यक्ष और अन्य संवैधानिक पदों के प्रमुखों की नियुक्ति का अधिकार तो सरकार के पास है लेकिन उनको हटाने का अधिकार सरकार को नहीं है। ऐसा इसलिए है ताकि इन पदों की निष्पक्षता कायम रह सके।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications