पाकिस्तान ने शाहिद मलिक को इस्लामाबाद बुलाया
विदेश मंत्रालय के सूत्रों के हवाले से समाचार पत्र 'द न्यूज' ने मंगलवार को कहा कि मुंबई हमले के संबंध में विदेश और आतंरिक मंत्रालय के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण परामर्श के लिए मलिक को इस्लामाबाद बुलाया गया।
अखबार के अनुसार मुंबई हमलों के संबंध में पाकिस्तान ने भारतीय अधिकारियों के सामने कुछ प्रश्न उठाए थे। भारत सरकार ने उनके उत्तर उपलब्ध करा दिए हैं।
अखबार के अनुसार मलिक को भारत की ओर से दिए गए उत्तर की समीक्षा और परामर्श के लिए इस्लामाबाद बुलाया गया है। अखबार के अनुसार भारतीय सूचनाओं के आधार पर तैयार किए गए पाकिस्तानी दस्तावेज को इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायुक्त सत्यब्रत पाल को सौंपा जाएगा।
भारत ने 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए हमलों में पाकिस्तान से गतिविधियां चलाने वाले आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का हाथ होने का आरोप लगाया है। इन हमलों में 26 विदेशियों सहित 170 लोग मारे गए थे और 300 से अधिक घायल हुए थे।
भारत ने पांच जनवरी को मुंबई हमलों में पाकिस्तानी तत्वों का हाथ होने के संबंध में सबूत पड़ोसी देश को सौंपे थे।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने रविवार को कहा था कि संघीय जांच एजेंसी ने इस दस्तावेज की जांच करके रिपोर्ट सरकार को सौंप दी है। भारत को शीघ्र ही राजनयिक माध्यम से इस रिपोर्ट से अवगत कराया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications