केन्या में तेल टैंकर में आग, 100 की मौत (लीड-1)
नैरोबी, 2 फरवरी (आईएएनएस)। केन्या के मोलो टाउन कस्बे में पेट्रोल से भरे एक तेल टैंकर में आग लगने से हुए विस्फोट में 100 से अधिक लोगों की मौत हो गई।
रिफ्ट वैली प्रांत के आयुक्त नूर हसन नूर के मुताबिक यह हादसा शनिवार को मोलो में नाकुरु-इल्डोरेट राजमार्ग पर जॉली फार्म के निकट हुआ।
नूर ने कहा कि इस हादसे में 91 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है जबकि रेडक्रास के आंकड़े के मुताबिक मृतकों की संख्या 113 है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे में कम से कम 110 लोग मारे गए हैं।
हादसे में करीब 150 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के समय मौके पर सैकड़ों की संख्या में लोग पेट्रोल लेने के लिए एकत्रित हुए थे।
रेडक्रास के अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में मरने वालों की संख्या अभी बढ़ सकती है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मीडिया की कुछ खबरों में कहा गया है कि आग सिगरेट की वजह से लगी थी।
पुलिस के प्रवक्ता इरिक किरेथी ने बताया कि अधिकारी मौके पर पहुंचकर इस हादसे की जांच कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications