मध्य प्रदेश के सारे मंत्री परीक्षा में पास
मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थल पचमढ़ी में दो दिन चली प्रबंधन और दक्षता संवर्धन की कार्यशाला के पहले दिन मनोविज्ञान विशेषज्ञ गिरिश्वर मिश्र ने एक परीक्षा ली थी। इस परीक्षा के नतीजे सोमवार को सामने आए। मिश्र के मुताबिक उन्होंने मंत्रियों की उत्तर पुस्तिका का आकलन करके पाया कि सभी मंत्री निर्धारित मापदंडों से ऊपर हैं, लिहाजा सभी पास हो गए।
मिश्र ने मंत्रियों को किसी श्रेणी में तो नहीं बांटा, मगर उनका मानना है कि यह देश में इस प्रकार का यह पहला प्रयोग है और आगे भी यह प्रयोग होते रहने चाहिए। इस कार्यशाला में हिस्सा लेने वालों में सीखने की ललक थी इसी के चलते उनका सच्चाई से भी साक्षात्कार हुआ। प्रश्नावली में जो प्रश्न पूछे गए थे वे सामाजिक व्यवहार, उनकी क्षमता और काम करने के तरीके से जुड़े हुए थे।
मनोविज्ञान के प्रोफेसर मिश्र और आनंद राव ने कार्यशाला के दूसरे दिन मंत्रियों की क्लास भी ली। दोनों ही विशेषज्ञों ने मंत्रियों को आमजन से किस तरह से व्यवहार करना चाहिए, इसके मंत्र दिए। उन्होंने मंत्रियों से कहा कि उनका काम करने का तरीका उस चिकित्सक की तरह होना चाहिए जो मरीज की पूरी बात सुनने व उसकी जांच के बाद ही दवा देता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications