पाकिस्तान ने मुंबई हमलों की जांच पूरी की : गिलानी
इस्लामाबाद, 2 फरवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने रविवार को कहा कि पाकिस्तान ने मुंबई आतंकवादी हमलों की जांच पूरी कर ली है और शीघ्र ही इसकी जानकारी भारत को दी जाएगी। उन्होंने इस मामले पर अनुचित बयान देने पर ब्रिटेन में देश के राजदूत की खिंचाई भी की।
दावोस में विश्व आर्थिक मंच की बैठक से लौटने के बाद गिलानी ने संवाददाताओं से कहा, "मैं विश्व, भारत के मीडिया, सरकार और नागरिकों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि मुंबई हमलों से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा चुकी है। इसे न्याय मंत्रालय के पास भेजा गया है और उसकी मंजूरी के बाद मैं आपको भरोसे में लूूंगा।"
विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी के राजनयिक माध्यम के बजाय मीडिया के द्वारा मुंबई हमले की जांच की प्रगति की सूचनाओं से अवगत कराने पर असंतोष जताने के एक दिन बाद गिलानी का यह बयान आया है।
ब्रिटेन स्थित पाकिस्तानी उच्चायुक्त शमसुल इस्लाम के मुंबई हमले की साजिश के पाकिस्तानी धरती से बाहर रचे जाने संबंधी बयान पर गिलानी ने कहा कि उन्होंने उच्चायुक्त से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा है। गिलानी ने कहा कि लोग अपनी जिम्मेदारियां निभाने के बजाय दूसरों का काम कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications