संयुक्त राष्ट्र के विशेष दूत ने सू की से मुलाकात की
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि बैठक करीब एक घंटा 20 मिनट तक चली। दोनों की बातचीत का ब्यौरा तत्काल नहीं मिल पाया है लेकिन जब गांबरी सू की नेतृत्व वाले म्यांमार के प्रमुख विपक्षी दल नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी के सदस्यों से भेंट करेंगे तो इस बारे में कुछ जानकारी मिल सकती है।
शनिवार को यांगून पहुंचे गांबरी के म्यांमार दौरे का उद्देश्य सत्तारूढ़ जुंता और मई 2003 से ही अपने घर में नजरबंद सू की के बीच राजनीतिक वार्ता आरंभ कराना है।
गत अगस्त में गांबरी के दौरे के समय सू की ने उनसे मिलने से इसलिए इंकार कर दिया था क्योंकि वे म्यांमार के सर्वोच्च सैनिक नेता और देश के प्रमुख निर्णयकर्ता सीनियर जनरल थान श्वे से भेंट करने में असफल रहे थे।
सोमवार तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया था कि गांबरी की अपने मौजूदा यात्रा में भी थान श्वे से उनकी मुलाकात मंजूर हुई है या नहीं।
जानकार सूत्रों ने बताया कि गांबरी की यात्रा संभवत: संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून के म्यांमार के संभावित दौरे के पहले परिस्थितियों का अनुमान लगाने के लिए है।
गांबरी का मई 2008 में चक्रवात से तबाह इरावदी डेल्टा इलाके में जाने का भी कार्यक्रम है।
चक्रवात से 140,000 मारे गए थे या लापता हो गए थे। करीब 24 लाख लोगों को आपात सहायता की जरूरत पड़ी। सैनिक शासन ने पहले तो अंतर्राष्ट्रीय सहायता को रोका परंतु अंत में इसकी अनमुति दे दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications