उड़ीसा में लाखों श्रद्धालुओं ने की सूर्य की अर्चना
भुवनेश्वर, 2 फरवरी (आईएएनएस)। उड़ीसा की पवित्र नगरी कोणार्क में सोमवार को करीब पांच लाख श्रद्धालुओं ने एक सरोवर में स्नान किया और भगवान सूर्य की पूजा की। ऐसा विश्वास है कि इससे सभी रोग दूर होते हैं।
पुलिस अधिकारी सनातन पाणिग्रही ने कहा कि सूर्योदय के समय करीब पांच लाख हिंदुओं ने कोणार्क मंदिर के समीप सरोवर में स्नान किया। इस मौके पर करीब 1000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे।
पौराणिक कथा के अनुसार भगवान कृष्ण के कुष्ठ रोग से ग्रस्त पुत्र शांब हिंदू महीने माघ के शुक्लपक्ष के सातवें दिन इस स्थान पर चंद्रभागा नदी में पवित्र स्नान से रोगमुक्त हो गए थे।
कहा जाता है कि शांब ने स्नान के बाद इस स्थान पर भगवान सूर्य की 12 वर्ष तक उपासना की। इसके बाद यह स्थान पवित्र स्थल माना जाने लगा और श्रद्धालुओं का विश्वास है कि यहां सभी रोगों का इलाज हो जाता है।
वर्तमान समय में चंद्रभागा नदी का अस्तित्व नहीं है। इसके स्थान एक बड़ा सरोवर या छोटी झील है जिसमें हर वर्ष स्नान के बाद श्रद्धालु सूर्य की पूजा करते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications