दिल्ली हवाई अड्डे पर विमान अपहरण के नाटक का पटाक्षेप
नई दिल्ली, 1 फरवरी (आईएएनएस)। दिल्ली हवाई अड्डे पर रविवार को अपराह्न् शुरू हुए विमान अपहरण के नाटक का शाम को पटाक्षेप हो गया। विमान के सभी यात्री सुरक्षित उतार लिए गए हैं।
दरअसल, इंडिगो कंपनी के एक विमान के आपात स्थिति में उतरने से हवाई अड्डे पर अफरातफरी मच गई थी। विमान के पायलट ने अधिकारियों को विमान में संदिग्ध अपहर्ता के होने की सूचना दी थी।
एक अधिकारी के मुताबिक पायलट द्वारा विमान में संदिग्ध अपहर्ता होने की सूचना देने के बाद इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा बल पहुंच गए थे।
उधर, विमान में सवार रमाकांत सिंह नामक एक यात्री ने बताया, "हम विमान से उतर गए हैं और अब बस में सवार हैं।"
हवाई अड्डा के एक शीर्ष अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "पायलट ने कहा कि उसे अंदेशा है कि विमान में एक अपहर्ता सवार है, इसीलिए विमान को तत्काल उतरने की इजाजत दी जाए। बाद में उसने कहा कि विमान में कई अपहर्ता हो सकते हैं।"
पहचान उजागर न करने की शर्त पर अधिकारी ने कहा, "हमने तत्काल विमान को उतरने की इजाजत दे दी। विमान को तकनीकी क्षेत्र में पार्क किया गया है, जिससे वह अलग-थलग है।"
पायलट द्वारा विमान को तत्काल उतरने की इजाजत मांगे जाने के बाद रविवार की शाम दिल्ली हवाई अड्डे पर अलर्ट घोषित कर दिया गया था।
आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गोवा से दिल्ली आया इंडिगो का ई-664 विमान दिल्ली हवाई अड्डे पर शाम 5.15 बजे उतरा और उसे एक अलग दिशा की ओर मुड़ने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) का त्वरित कार्रवाई दल व दिल्ली पुलिस का दस्ता हवाई अड्डे पर पहुंच गया।
बाद में हवाई अड्डा अधिकारियों ने कहा कि संभवत: एक यात्री उद्दंडता कर रहा था। जिसके कारण पायलट ने अलर्ट घोषित कर दिया।
अंतत: इस नाटक का पटाक्षेप हुआ और विमान में सवार सभी यात्रियों को लगभग शाम आठ बजे उतरने की इजाजत दे दी गई।
लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि आखिर विमान में सुरक्षा की क्या समस्या थी और उसे कैसे सुलझाया गया।
इसके पहले विमान के अंदर सवार कैरेन नामक एक महिला यात्री ने अपने मोबाइल फोन से संवाददाताओं को बताया, "हमें नहीं पता कि यह कोई अपहरण की घटना है या सुरक्षा अभ्यास की कार्रवाई। क्योंकि विमान के अंदर सब कुछ शांत है और विमान के बाहर भागदौड़ मची हुई है।"
यात्री ने कहा, "यदि यह सुरक्षा अभ्यास है तो मैं निवेदन करूंगी कि भविष्य में इस तरह की घटना न दोहराई जाए। यह एक तरह से यात्रियों को परेशान करने जैसा है।"
बहरहाल, विमान कंपनी की ओर से एक लिखित बयान में कहा गया है कि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications