इराक में 51 फीसदी मतदान
बगदाद, 1 फरवरी (आईएएनएस)। इराक के स्वतंत्र उच्च चुनाव आयोग (आईएचईसी) ने रविवार को कहा कि देश के प्रांतीय चुनावों में 51 प्रतिशत मतदान हुआ है। इराक के 18 में से 14 प्रांतों में प्रांतीय परिषदों के लिए शनिवार को मतदान हुआ था।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार आईएचईसी के अध्यक्ष फराज हायदारी ने बगदाद में संवाददाताओं से कहा कि पूरे देश में 51 प्रतिशत मतदान हुआ है। उन्होंने कहा कि कुल 1.5 करोड़ मतदाताओं में से 75 लाख लोगों ने मतदान किया।
सुन्नी बहुल अंबर प्रांत में 40 प्रतिशत और सलाहुद्दीन प्रांत जिसमें पूर्व राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन का गृहनगर भी शामिल है, में 65 प्रतिशत मतदान हुआ।
हायदारी ने कहा कि बगदाद प्रांत के बारे में अभी आंकड़े उपलब्ध नहीं हैं लेकिन अनुमान के अनुसार वहां भी 40 फीसदी मतदान की संभावना है।
वर्ष 2005 के संसदीय चुनावों में 59 प्रतिशत मतदान हुआ था और अमेरिकी सेनाओं के हमले के विरोध में सुन्नी बहुल प्रांत अंबर ने चुनाव का बहिष्कार किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications