पाकिस्तान की जांच रिपोर्ट का अभी इंतजार : प्रणब (लीड-1)
विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी ने एक समाचार चैनल से कहा कि पाकिस्तान ने भारत को किसी राजनयिक माध्यम से कोई सूचना या जवाब नहीं दिया है। पाकिस्तान की जांच रिपोर्ट की अभी प्रतीक्षा है।
उन्होंने कहा कि कम से कम इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायुक्त के माध्यम से तो इस संबंध में भारत को सूचना दी जा सकती थी।
यह दूसरी बार है जब प्रणब मुखर्जी ने इस मामले पर बयान दिया है। शनिवार को भी उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान के उच्चायुक्त शाहिद मलिक ने गृहमंत्री पी.चिदंबरम के साथ 29 जनवरी 2009 को शिष्टाचार भेंट की थी। उन्होंने मुंबई हमले के संबंध में पाकिस्तानी जांच के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।
उधर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) एम.के. नारायणन ने कहा कि मुंबई हमले के संबंध में भेजे गए सबूतों के दस्तावेज के संबंध में पाकिस्तान ने कुछ प्रश्न उठाए थे और भारत ने उनका जवाब भी दे दिया है।
सीएनएन-आईबीएन के कार्यक्रम 'डेविल्स एडवोकेट' में करन थापर को दिए साक्षात्कार में नारायणन ने कहा, "हमने उनको सबूत उपलब्ध कराए। उन्होंने कुछ निश्चित सवाल उठाए, हमने उनका भी उत्तर दिया। मुझे आशा है कि वे और सवाल पेश करेंगे और हम उनको सहयोग देंगे।"
नारायणन ने कहा कि यदि पाकिस्तान अपनी जांच में भारत का सहयोग चाहेगा तो उसकी हर संभव मदद की जाएगी।
भारत के सबूतों पर पाकिस्तान की प्रतिक्रिया से संतुष्ट होने के बारे में एक सवाल पर नारायणन ने कहा कि पाकिस्तान मामले को गंभीरता से ले रहा है और एक निश्चित तरीके से जांच को आगे बढ़ा रहा है।
नारायणन ने कहा कि भारत का मानना है कि पाकिस्तान सच्चाई तक पहुंचने के लिए प्रयास कर रहा है और भारत उसे अपनी सदाशयता सिद्ध करने का हर अवसर देगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications