प्रधानमंत्री घर लौटे, सप्ताह भर में कामकाज शुरू करेंगे (लीड-3)
कांग्रेस को उम्मीद है कि आगामी चुनाव में वह नई ऊर्जा के साथ पार्टी का नेतृत्व करेंगे।
76 वर्षीय मनमोहन सिंह को एम्स से रविवार को सुबह 7.30 बजे छुट्टी दे दी गई। अस्पताल की ओर से उन्हें भोजन में लगातार बढ़ोतरी करने व व्यायाम करते रहने की सलाह दी गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री अंबुमणि रामदास ने एम्स के बाहर संवाददाताओं को बताया, "प्रधानमंत्री अब ठीक हैं और चहलकदमी भी कर रहे हैं। उन्होंने ताजातरीन गतिविधियों की जानकारी भी ली है। उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। एक सप्ताह के अंदर वे अपने आवास से ही कामकाज शुरू कर देंगे। तीन सप्ताह बाद वे अपने कार्यालय जा सकेंगे।"
कांग्रेस प्रवक्ता व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री शकील अहमद ने आईएएनएस को बताया कि पार्टी को पूरा भरोसा है कि आगामी लोकसभा चुनाव में वह पार्टी का नेतृत्व करेंगे।
सात रेसकोर्स स्थित अपने आवास के लिए प्रस्थान करने से पूर्व प्रधानमंत्री ने अपने सफल इलाज के लिए अस्पताल के डॉक्टरों व कर्मचारियों को धन्यवाद दिया। प्रधानमंत्री के साथ उनकी पत्नी और एक बेटी भी मौजूद थीं।
इससे पहले मनमोहन सिंह की मीडिया सलाहकार दीपक संधू ने आईएएनएस को बताया, "प्रधानमंत्री को रविवार सुबह छुट्टी मिल गई। वे सुबह 7.30 बजे अस्पताल से अपने आवास के लिए रवाना हुए। अब वे आवास पर स्वास्थ्य लाभ करेंगे और उनकी फीजियोथैरेपी की जाएगी।"
संधू ने बताया कि सिंह का इलाज करने वाले 11 चिकित्सकों के पैनल ने कहा है कि प्रधानमंत्री के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हुआ है। प्रधानमंत्री चिकित्सकों की सलाह के मुताबिक आहार लेंगे।
अधिकारियों के अनुसार चिकित्सकों का एक दल उनके निवास पर उनके स्वास्थ्य की निगरानी रखेगा।
प्रधानमंत्री की इससे पहले 1990 में ब्रिटेन में बाइपास सर्जरी हुई थी और 2004 में एंजियोप्लास्टी हुई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications