बॉलीवुड फिल्मों के फाइनेंसर को कर्ज घोटाले में अमेरिका में सजा
वाशिंगटन, 1 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय मूल के एक अमेरिकी मार्टगेज ब्रोकर और बॉलीवुड फिल्मों के प्रमोटर को बैंकों से 3.3 करोड़ डॉलर की धोखाधड़ी और भारतीय प्रवासियों को आवास ऋण उपलब्ध कराने में बेईमानी करने के आरोप में सात वर्ष की कैद की सजा दी गई है।
वाशिंगटन के नजदीक एलेक्जेंड्रिया में शुक्रवार को फेडरल न्यायालय के सजा सुनाए जाने के बाद 48 वर्षीय विजय के. तनेजा ने अपने कृत्यों के प्रति शर्मिदगी जताते हुए खेद व्यक्त किया।
तनेजा को भारतीय समुदाय को आवास ऋण में मदद देने और अमेरिका में बॉलीवुड कलाकारों के कार्यक्रम आयोजित करने वाले व्यक्ति के रूप में जाना जाता था।
तनेजा के घोटाले का पर्दाफाश नंवबर में हुआ। अभियोजन पक्ष ने कहा कि तनेजा ने कई स्थानीय निवासियों के नाम से फर्जी आवास ऋण लिया और उनको कर्ज में फंसा दिया। उस पर हवाला कारोबार का भी आरोप था।
तनेजा अपने राजनयिक पिता के साथ 10 वर्ष की आयु में अमेरिका आया और अमेरिका का नागरिक बनने के बाद उसने कई बैंकों में काम करने के बाद वर्ष 1990 में अपनी र्मोगेज कंपनी खोली।
उसके शुरुआती ग्राहकों में भारतीय समुदाय के वे लोग शामिल थे जिन्होंने उसकी मदद से अपना पहला घर खरीदा था। तनेजा की साख तब बढ़ी जब उसने एलीट इंटरटेनमेंट नामक कंपनी खोली और शाहरुख तथा एश्वर्या राय जैसे फिल्म सितारों के कार्यक्रम आयोजित कराए।
वर्ष 2001 में तनेजा ने असली व्यक्तियों के साथ ही फर्जी लोगों के नाम से भी आवास ऋण लेकर बैंकों को लाखों डॉलर का चूना लगाया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications