एमडीसी 'सत्ता में साझेदारी को राजी'

एमडीसी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में यह फ़ैसला हुआ है. हालाँकि अभी पार्टी की राष्ट्रीय परिषद से भी इस फ़ैसले को मंज़ूरी मिलना ज़रूरी है.
इस मामले पर दक्षिण अफ़्रीका मध्यस्थता कर रहा था. दक्षिण अफ़्रीका का कहना है कि एमडीसी 10 महीने पहले हुए समझौते को स्वीकार कर लेगा.
हालाँकि कुछ दिनों पहले एमडीसी ने सत्ता में साझेदारी के समझौते के ख़िलाफ़ ही नज़र आ रहा था.
शुक्रवार को राष्ट्रपति मुगाबे की ज़ानू-पीएफ़ और एमडीसी में यह समझौता हुआ कि वे सत्ता में साझेदारी के समझौते पर निगरानी के लिए एक संयुक्त समिति का गठन करेंगे.
दक्षिण अफ़्रीका के मध्यस्थ सिडनी मुफ़ामदी के मुताबिक़ यह समिति राजनीतिक समझौते के परिणामस्वरूप बनी पहली समिति है.
समझौता
बीबीसी संवाददाताओं का कहना है कि इस क़दम से अंदाज़ा मिलता है कि दोनों पार्टियाँ सत्ता में साझेदारी के समझौते के क़रीब हैं.
इस समझौते को लेकर चल रहे विवाद के कारण क़रीब एक साल से सरकारी कामकाज प्रभावित है. ज़िम्बाब्वे खाद्यान्न संकट से जूझ रहा है और देश में हैज़ा भी फैला हुआ है.
दक्षिण अफ़्रीका के राष्ट्रपति ख़ालेमा मोटलांटे ने इस सप्ताह इस मुद्दे पर एक आपाताकालीन सम्मेलन की अध्यक्षता की थी. उन्होंने कहा है कि एमडीसी एक समयसीमा को लेकर प्रतिबद्ध है, जिस पर पार्टियों में सहमति हुई है.
उन्होंने बताया कि इस सहमति के बाद एमडीसी नेता मॉर्गन चांगिरई 11 फरवरी को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे.
बीबीसी के दक्षिणी अफ़्रीका संवाददाता पीटर बाइल्स का कहना है कि चांगिरई पर समझौते पर सहमति के लिए बहुत बड़ा दबाव था. जबकि पार्टी इस समझौते का पूरी तरह समर्थन नहीं करती है.












Click it and Unblock the Notifications