मुंबई हमले की जांच के नतीजों को साझा करे पाक : प्रणब
उन्होंने पाकिस्तान सरकार से कहा कि मुंबई हमलों की जांच के नतीजे के संबंध में उसके पास जो भी जानकारियां उपलब्ध हैं, वह उसे भारत के साथ साझा करे।
मुखर्जी ने यहां पत्रकारों से चर्चा में कहा, "हमें औपचारिक तौर पर इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। जिस प्रकार से जानकारियां आ रही हैं वह जानकारियों के आदान-प्रदान का उचित माध्यम नहीं है।"
उन्होंने कहा, "हमने उन्हें सारे सबूत दे दिए हैं। हम उम्मीद करते हैं कि वह इनकी जांच कर उसके नतीजों से हमें अवगत कराए।"
इस बीच, विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पाकिस्तान के दावों के बारे में पूछे जाने पर कहा, "पाकिस्तान के यह कहने पर कि मुंबई हमले की साजिश उसके देश के बाहर रची गई थी, हमें बेहद आश्चर्य है। यदि ऐसा है तो पाकिस्तान को लेकर हमारे मन में जो थोड़ा बहुत भी विश्वास बचा हुआ है, वह खत्म हो जाएगा।"
उल्लेखनीय है कि ब्रिटेन में पाकिस्तान के उच्चायुक्त वाजिद शमशूल हसन ने लंदन में शुक्रवार को कहा कि मुंबई हमले की साजिश किसी तीसरे देश में रची गई थी। इससे पहले पाक मीडिया में भी इस प्रकार की खबरें आईं कि मुंबई हमले की साजिश पाकिस्तान में नहीं बल्कि किसी तीसरे देश में रची गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications