मध्य प्रदेश में ट्रक-जीप की टक्कर में 9 की मौत
इंदौर, 27 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के इंदौर में मंगलवार की शाम को ट्रक और टैम्पो ट्रेक्स के बीच हुई जबरदस्त टक्कर में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे का शिकार हुए लोगों में चालक को छोड़कर सभी मुम्बई निवासी बताए जा रहे हैं।
सांवेर थाने के प्रभारी जी़ पी़ गोलिया ने आईएएनएस को बताया कि उज्जैन से इंदौर की ओर आ रही टैम्पो ट्रेक्स विपरीत दिशा से जा रहे ट्रक से धरम पुरी के पास टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैम्पो ट्रेक्स में सवार नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में घायल चार लोगों को उपचार के लिए इंदौर भेजा गया है।
थाना प्रभारी गोलिया के मुताबिक हादसे में मारे गए चालक की शिनाख्त कर ली गई है और वह खंडवा का रहने वाला नारायण पाटीदार है। पुलिस को घटनास्थल से मिले मोबाइल फोन के आधार पर पता चला है कि हादसे में मारे गए आठ तथा घायल चार लोग मुंबई के निवासी हैं। अनुमान है कि वे संभवत: इंदौर-उज्जैन घूमने आए होंगे और इस हादसे का शिकार हो गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications