ओबामा ने रूस, फ्रांस व जर्मनी के नेताओं से बात की
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक राष्ट्रपति का पदभार ग्रहण करने के बाद ओबामा ने महत्वपूर्ण विदेशी नेताओं के साथ फोन पर चर्चा की।
रूसी मीडिया के मुताबिक सरकार की ओर से कहा गया है कि ओबामा व मेदवेदेव अमेरिका व रूस के बीच द्विपक्षीय संबंधों की संभावनाओं पर चर्चा के लिए जल्द मुलाकात करने को सहमत हुए हैं।
ज्ञात हो कि अमेरिकी प्रक्षेपास्त्र प्रणाली स्थापित करने की अमेरिकी योजना तथा जार्जिया व रूस के बीच हुए युद्ध को लेकर दोनों देशों के बीच पिछले कुछ वर्षो से संबंधों में खटास आ गई है।
रूसी सरकार की ओर से कहा गया कि मेदवेदेव ने ओबामा को बधाई दी और उनकी सफलता के लिए कामना की। दोनों नेताओं ने अंतर्राष्ट्रीय आतंकवाद, अफगानिस्तान, मध्यपूर्व व परमाणु हथियारों के फैलाव जैसे मुद्दों पर चर्चा की।
जर्मन सरकार के एक प्रवक्ता यूरिक विलहेम के अनुसार ओबामा व मार्केल ने दोनों देशों में व्याप्त आर्थिक व वित्तीय संकट पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति प्रकट की कि वित्तीय व्यवस्था के पुननिर्माण तथा भविष्य में इस तरह के संकट से बचने के लिए अंतर्राष्ट्रीय सहयोग ही मुख्य उपाय है।
उधर, एलीसी पैलेस की ओर से जारी एक बयान में सरकजी व ओबामा के बीच की बातचीत को गरमाहट भरा बताया गया है।
बयान में कहा गया है कि दोनों नेताओं ने वैश्विक आर्थिक संकट, मध्यपूर्व की समस्या, अफगानिस्तान व अप्रैल के प्रारंभ में स्ट्रासबर्ग में होने वाली नाटो समिट पर चर्चा की।
बयान के मुताबिक सरकोजी ने ओबामा द्वारा उठाए गए साहसिक कदमों के लिए उन्हें सलाम किया, खासतौर से गुआंटोनामो जेल को बंद करने की उनकी घोषणा के लिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications