भारत व चीन जलवायु परिवर्तन पर अपनी जिम्मेदारी निभाएं : ओबामा
वाशिंगटन, 27 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने बुश प्रशासन की जलवायु परिवर्तन नीति को बदलना शुरू कर दिया है। ओबामा ने कहा है कि अमेरिका इस चुनौती से निपटने के लिए एक सच्चे वैश्विक गठबंधन का नेतृत्व करने को तैयार है, लेकिन भारत व चीन जैसे राष्ट्रों को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
अमेरिका को ऊर्जा स्वायत्तता के रास्ते पर ले जाने वाले पहले दो शासनादेशों पर हस्ताक्षर करने के बाद ओबामा ने कहा, "हम दुनिया को यह स्पष्ट कर देना चाहेंगे कि अमेरिका नेतृत्व करने को तैयार है।"
ओबामा ने कहा, "जलवायु व अपनी सामूहिक सुरक्षा की हिफाजत के लिए हमें मिल कर एक सच्चे वैश्विक गठबंधन का आह्वान करना चाहिए। मैंने स्पष्ट किया है कि हम इस दिशा में काम करेंगे, बल्कि हम कहेंगे कि दुनिया को भी ऐसा करना चाहिए।"
ओबामा ने कहा, "हमें इस पर भी सेाचना है कि तानाशाहों को समर्थन व आतंकवादियों को डॉलर न उपलब्ध हो पाए। हमें यह भी सुनिश्चित करना है कि जिस तरह हम अपनी जिम्मेदारियां निभाना चाहते हैं, चीन व भारत जैसे राष्ट्र भी अपनी जिम्मेदारियां निभाएं।"
ओबामा ने कहा, "यह समय अमेरिका के लिए आगे आकर नेतृत्व करने का है, क्योंकि संकट के इस क्षण को हर हाल में प्रगति के क्षण में परिवर्तित करना है।"
ओबामा ने कहा कि तेल को लेकर दूसरे देशों पर निर्भरता अमेरिका के सामने एक सबसे गंभीर चुनौती है।
अब इतिहास के इस चौराहे पर हमें एक ऐसे भविष्य को चुन कर इस चुनौती से निपटने की जरूरत है, जो हमारे देश के लिए अपेक्षाकृत सुरक्षित, हमारी दुनिया के लिए खुशहाली भरा व स्थायी हो।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications