सेना के जवान अब तैनाती के दौरान करेंगे मतदान
भारतीय सेना के तीनों अंगों थल सेना, वायु सेना और नौसेना के जवानों से कहा गया है कि वे अपनी तैनाती वाले इलाके में ही चुनाव आयोग के कार्यालय में खुद का पंजीकरण करवाएं और फिर मताधिकार का उपयोग करें।
नौसेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "हम सभी से कहा गया है कि हमारी तैनाती जहां भी है वहीं मतदान करें। मतदाता पंजीकरण के लिए आवेदन पत्र और जरूरी प्रमाणपत्र हमारे विभाग की सभी इकाइयों में वितरित किए गए हैं।"
भारतीय सुरक्षा बल के जवान अपनी सेवा के दौरान अमूमन अपने मताधिकार का उपयोग नहीं कर पाते हैं। वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल फली एच. मेजर भी पिछले 10 वर्षो से अपने मताधिकार का उपयोग नहीं कर सके हैं। उन्होंने कहा, "पिछली बार मैंने मतदान उस समय किया जब छुटियों के दौरान घर पर था। मैं अपनी 41 वर्ष की सेवा के दौरान सिर्फ चार बार ही मतदान कर सका हूं।"
गौरतलब है कि थल सेना में लगभग 11 लाख, वायु सेना में तकरीबन 140,000 और नौसेना में लगभग 60,000 जवान हैं।
इंडो-एशियन न्यूज।












Click it and Unblock the Notifications