मंगलौर घटना के लिए येदियुरप्पा को देना होगा जवाब : रेणुका
नई दिल्ली, 26 जनवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय महिला व बाल विकास मंत्री रेणुका चौधरी ने कहा कि मंगलौर के एक पब में कथित कट्टरपंथी हिंदू संगठन 'श्रीराम सेना' के कार्यकर्ताओं द्वारा लड़कियों की पिटाई के लिए कनार्टक के मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा को हर हाल में जवाब देना होगा।
येदियुरप्पा सरकार से इस मामले में स्पष्टीकरण की मांग करते हुए रेणुका ने राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) को घटना की जांच के निर्देश दिए हैं।
एक टेलीविजन चैनल के साथ बातचीत में रेणुका ने कहा, "कर्नाटक के मुख्यमंत्री लड़कियों पर हमले के लिए जवाबदेह हैं। अगर जरूरत पड़ी तो मैं मंगलौर जाऊंगी।"
इस घटना की निंदा करते हुए रेणुका ने कहा, "कथित हिन्दू संगठन ने इस घटना को अंजाम देकर देश के तालिबानीकरण की कोशिश की है। यह पूरी तरह अस्वीकार है।"
एनएसीडब्ल्यू की अध्यक्ष गिरिजा व्यास ने इस घटना को झकझोरने वाला बताया और कहा कि कथित संगठन के कार्यकर्ता संस्कृति का हवाला दे रहे थे और खुद ही लड़कियों के साथ दुर्व्यवहार कर रहे थे। उन्होंने कहा कि घटना के सभी दोषियों को सजा मिलनी चाहिए।
इस बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी इस घटना की निंदा की है। भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि वे इस मसले पर मुख्यमंत्री येदियुरप्पा से बात करेंगे। उन्होंने कहा कि इस निंदनीय घटना को अंजाम देने वालों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए और पीड़ितों को न्याय मिलना चाहिए।
इस घटना की समाज के सभी वर्गो ने भी जोरदार निंदा की है। गौरतलब है कि शनिवार शाम मंगलौर शहर के अमनेसिया पब में श्रीराम सेना के कार्यकर्ता जबरन घुस गए और कुछ लड़कियों की पिटाई की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।