स्कूली झगड़े में अपना नाम घसीटे जाने से गिलानी नाखुश
समाचार पत्र 'द न्यूज' ने सोमवार को खबर दी है कि पिछले सप्ताह फ्रोबेल्स इंटरनेशनल स्कूल के मालिक शाद अली खान के खिलाफ अभिभावकों के एक समूह ने शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि शाद ने कहा कि उसके संबंध प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी से हैं और वह अपने खिलाफ पुलिस कार्रवाई को रूकवा देगा।
अभिभावकों के अनुसार खान ने उनके बच्चों को विद्यालय परिसर में गोली मारने की धमकी दी।
खान ने दावा किया कि वह गिलानी के संपर्क में तब आया जब वे नेशनल असेंबली के अध्यक्ष पद के दुरुपयोग के लिए भ्रष्टाचार के आरोप में रावलपिंडी की अदियाला जेल में पांच वर्ष की सजा काट रहे थे।
गिलानी ने शाद अली खान से अपने संबंधों को नकारते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति को उनके नाम का उपयोग पुलिस को प्रभावित करके वैधानिक कार्रवाई रोकने के लिए करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
गिलानी ने 'द न्यूज' से कहा कि यदि कोई व्यक्ति जेल में मेरे साथ था तो इसका यह अर्थ नहीं है कि मैं भी उस प्रकार की गतिविधियों में शामिल हूं। अखबार के अनुसार प्रधानमंत्री निवास से किसी ने भी स्थानीय प्रशासन को खान के खिलाफ कार्रवाई रोकने को नहीं कहा है।
खान और अभिभावकों के बीच विवाद विद्यालय चुनाव में हेराफेरी के मसले पर छात्रों के दो गुटों में झड़प के बाद करीब दर्जन भर छात्रों को स्कूल से निष्कासित करने के बाद हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications