मध्यप्रदेश के विकास की तस्वीर दिखी झांकियों में
राज्यपाल डॉ़ जाखड़ ने ध्वजारोहण के बाद अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार ने विकास के सात सूत्र तय किए हैं। इनमें आम जन की भागीदारी सुनिश्चित कराई जाएगी। प्रदेश की अधोसंरचना को मजबूत किए जाने के साथ ही निवेश बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे।
राज्यपाल ने कहा कि कृषि को फायदे का व्यापार बनाया जाएगा। शिक्षा तथा स्वास्थ्य को और बेहतर बनाने के प्रयास किए जाएंगे। महिला सशक्तिकरण, सशक्त कानून व्यवस्था और सुशासन के संकल्पों को पूरा किया जाएगा।
डॉ़ जाखड़ ने कहा कि सड़क बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार की ओर से गंभीर प्रयास किए गए हैं। पिछले पांच वर्षो के दौरान प्रदेश में तीन हजार मेगावाट बिजली का उत्पादन बढ़ा है। किसानों को कम ब्याज पर कर्ज दिया जा रहा है, क्रेडिट कार्ड बनाए गए हैं और सिंचाई के लिए अनेक परियोजनाएं शुरू की गई हैं।
लाल परेड मैदान में पुलिस बल, विशेष सशस्त्र बल, रैपिड ऐक्शन फोर्स की 20 टुकड़ियों ने परेड में हिस्सा लिया। छात्र-छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
इस मौके पर प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों की ओर से झांकी प्रस्तुत की गई। इन झांकियों में स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि, ऊर्जा सहित अन्य विभागों की विकास योजनाओं का चित्रण किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।