तस्करों को पकड़ने वाला हाथ ही तस्करी में शामिल!
मुंबई आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने रविवार को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी मोहन को 12 किलोग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया।
मोहन जम्मू-कश्मीर कैडर का अधिकारी है। उसके पास से जो हेरोइन जब्त की गई उसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत 12 करोड़ रुपये से अधिक है।
एटीएस प्रमुख के.पी. रघुवंशी ने संवाददाताओं को बताया, "उत्तर-पश्चिम मुंबई के ओशिवाड़ा इलाके में मोहन को 12 करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया।"
उन्होंने बताया कि मोहन को हरियाणा पुलिस के कांस्टेबल राकेश कुमार और विकी ओबरॉय से मिली सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया। इन दोनों को विगत 17 जनवरी को डेढ़ किलोग्राम हेरोइन के साथ एटीएस ने गिरफ्तार किया था।
मोहन को रविवार दोपहर मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया जहां उसे 30 जनवरी तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
उल्लेखनीय है कि 1995 बैच का अधिकारी मोहन मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) में क्षेत्रीय निदेशक के पद कार्यरत था। हाल ही में उसका तबादला प्रवर्तन निदेशालय में उप निदेशक के पद पर कर दिया गया था।
एक समय चंडीगढ़ में एनसीबी की उत्तर-पश्चिम इकाई की कमान संभालने वाले मोहन ने मादक पदार्थो की तस्करी से जुड़े कई सनसनीखेज मामलों का भंडाफोड़ किया था।
मीडिया से दोस्ताना ढंग से पेश आने वाले मोहन ने एक मामले में आईएएनएस से कहा था, "पंजाब की जेल में कई पाकिस्तानी नागरिक बंद हैं जो मादक पदार्थो की तस्करी करने वाले अंतर्राष्ट्रीय गिरोह के अंग थे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications