पाकिस्तानी उच्चायुक्त को मिली जान से मारने की धमकी, सुरक्षा कड़ी (लीड-1)
नई दिल्ली स्थित पाक उच्चायोग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "उच्चयुक्त को एक सप्ताह पहले एक पत्र मिला था जिसमें कहा गया है कि मलिक ने अगर भारत नहीं छोड़ा तो उनको जान से मार दिया जाएगा।"
अधिकारी ने बताया कि इस धमकी के बाद भारत सरकार से सुरक्षा कड़ी करने का आग्रह किया गया और तत्काल बाद ही मलिक की सुरक्षा बढ़ा दी गई।
इससे पहले पाकिस्तानी मीडिया में आई खबरों में कहा गया कि भारत के एक कथित कट्टरपंथी संगठन ने मलिक को जान से मारने की धमकी दी है।
पाकिस्तान के प्रमुख समाचार पत्र 'डॉन' ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा है, "अखिल भारतीय आतंकवाद विरोधी समूह (एआईएटीजी) नाम के संगठन ने भारत की ओर से धमकी दी है। इस्लामाबाद ने नई दिल्ली से इस संबंध में कहा है कि वह उच्चायुक्त को पूरी सुरक्षा दे।"
एक सूत्र के हवाले से अखबार ने कहा है, "पाकिस्तान की ओर से कह दिया गया है कि उच्चयुक्त को किसी तरह का नुकसान पहुंचता है तो उसकी जिम्मेदारी भारत की होगी।"
अखबार का कहना है कि मलिक को तीन पृष्ठों का एक पत्र मिला है जिसमें कहा गया है कि वह तीन दिन में भारत छोड़ दें नहीं तो इसके गंभीर नतीजे होंगे।
पत्र में कहा गया है, "हमें पाकिस्तान के साथ किसी तरह के रिश्ते की जरूरत नहीं है। अगर हमारी धमकी को हल्के में लिया गया तो मलिक की हत्या कर दी जाएगी।"
गौरतलब है कि मुंबई हमले के बाद दोनों देशों के संबंधों में कड़वाहट पैदा हो गई है। मुंबई में 26 नवंबर, 2008 को ताजमहल होटल और ओबरॉय होटल समेत कई अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर हुए आतंकवादी हमलों में लगभग 175 लोग मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications