इंदौर में फहराया जाएगा देश का सबसे बड़ा तिरंगा!
देशवासियों में देशप्रेम की भावना बरकरार रखने के लिए 'झंडा ऊंचा रहे हमारा' कार्यक्रम के तहत संभवत: देश के सबसे बड़े झंडे को फहराने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम के आयोजक प्रकाश राठौर बताते हैं कि यह तिरंगा 21 गुणा 14 फुट का है। यह अब तक देश में फहराए गए तिरंगों में सबसे बड़े आकार का है।
शहर के व्यस्ततम चौराहे रीगल चौक पर स्थित गांधी प्रतिमा के करीब 80 फुट ऊंचा खंभा लगाया गया है, जिसपर रविवार को दोपहर साढ़े 12 बजे इस तिरंगे को फहराया जाएगा। राठौर कहते है कि इस विशाल झंडे को फहराने के पीछे मकसद है कि देशवासियों में राष्ट्र, तिरंगे तथा देश भक्ति की भावना और प्रबल हो।
इस झंडे को बनाने वाले अशोक कुमार बताते है कि इसे बनाने में उन्हें पूरे 15 दिन का वक्त लगा और इस दौरान कई तरह की तकनीकी दिक्कतों से भी उन्हें दो चार होना पड़ा। इसके बावजूद वे इस तिरंगे को बनाकर रोमांचित है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।