बॉबी जिंदल भी अमेरिकी राष्ट्रपति की दौड़ में?
वाशिंगटन, 24 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिका में लुइसियाना प्रांत के गवर्नर बॉबी जिंदल को नेशनल रिपब्लिकन कांग्रेशनल कमेटी (एनआरसीसी) द्वारा कोष संग्रह के लिए मार्च महीने में आयोजित रात्रि भोज के लिए मुख्य वक्ता के रूप में चुना गया है।
इसके साथ ही राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा गर्म हो गई है कि वर्ष 2012 में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में भारतीय मूल के जिंदल को पार्टी की ओर से प्रत्याशी बनाया जा सकता है।
एनआरसीसी के अध्यक्ष पीट सेशन्स ने पार्टी के समर्थकों भेजे एक ई-मेल में लिखा है, "बॉबी एक चमकते सितारे हैं और हमारी पार्टी में नेतृत्व की नई पीढ़ी के एक हिस्से हैं।"
सेशन्स ने लिखा है, "सफलता का उनका एक अच्छा रिकॉर्ड है। उन्होंने वर्ष 2007 में जब से पदभार ग्रहण किया है, तब से वह अपने राज्य के पुनर्निर्माण में जुटे हुए हैं।"
24 मार्च को आयोजित होने वाले रात्रि भोज के दौरान जिंदल वाशिंगटन के बड़े दानदाताओं के संपर्क में आ जाएंगे। यह एक ऐसा आयोजन है, जिसमें वर्ष 2000 से लेकर अब तक प्रत्येक वर्ष, तत्कालीन राष्ट्रपति जार्ज बुश मुख्य भाषण देते रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications