अमेरिकी अंतरिक्ष उद्योग ने दी ओबामा को भारत से सीखने की सलाह
नई दिल्ली, 24 जनवरी (आईएएनएस)। अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में भारत की सफलता का उल्लेख करते हुए अमेरिकी अंतरिक्ष उद्योग ने ओबामा प्रशासन से इस मामले में नई दिल्ली से सीख लेने को कहा है।
अमेरिकी अंतरिक्ष उद्योग ने भविष्य में अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत के अग्रणी देश के रूप में उभरने की संभावना जताई है। अमेरिकी एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (एआईए) ने इस महीने ओबामा प्रशासन को भेजी अपनी विशेष रिपोर्ट में सलाह दी है कि यदि भारत और चीन के साथ प्रतिस्पर्धा में बने रहना है तो उच्च गुणवत्तायुक्त शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करना होगा।
रिपोर्ट में कहा गया है कि ताजा सर्वेक्षण के अनुसार कालेजों से निकले 270,000 नए छात्रों में से केवल 7.5 प्रतिशत ने इंजीनियरिंग में रूचि दिखाई है। 1970 के दशक के बाद से यह सबसे कम प्रतिशत है। ठीक इसी समय भारत और चीन वैज्ञानिकों और इंजीनियरों की शिक्षा पर ध्यान दे रहे हैं और वे तकनीक के क्षेत्र में अग्रणी देश के रूप में उभर सकते हैं।
एआईए की रिपोर्ट में ओबामा को सलाह दी गई है कि वैज्ञानिकों और इंजीनियरों का कार्यबल न केवल अंतरिक्ष क्षेत्र वरन राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी जरूरी है। रिपोर्ट में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के चंद्रयान-1 मिशन का भी उदाहरण दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications