पाकिस्तान ने गुआंटोनामो जेल बंद होने का स्वागत किया
इस्लामाबाद, 24 जनवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने गुआंटोनामो खाड़ी जेल को बंद करने के अमेरिकी प्रशासन के फैसले का शनिवार को स्वागत किया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है "पाकिस्तान को पक्का यकीन है कि नया अमेरिकी प्रशासन विश्व की मौजूदा चुनौतियों से निपटने के लिए सफलतापूवक एक नई रणनीति तैयार करेगा।"
बयान में कहा गया है, "कानून के शासन की सर्वोच्चता स्थापित करने की दिशा में गुआंटोनामो खाड़ी बंदी केंद्र को बंद करना एक महत्वपूर्ण कदम है और इससे आतंकवाद से निपटने के लिए जरूरी नैतिक आयाम भी मिलता है।"
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने गुआंटोनामो जेल को एक वर्ष के भीतर बंद करने के लिए गुरुवार को एक आदेश पर हस्ताक्षर किए थे।
रिहा हुए बंदी कारी साद इकबाल मदनी के अनुसार, "गुआंटोनामो में अभी भी छह पाकिस्तानी बंदी हैं जिनमें से तीन को अमेरिकी प्रशासन महत्वपूर्ण कैदी करार दे रखा है।"
मदनी को सात साल की कैद के बाद पिछले साल रिहा किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications