मरांडी ने भाजपा में वापसी से इंकार किया
रांची, 24 जनवरी (आईएएनएस)। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व झारखंड विकास मोर्चा (लोकतांत्रिक) के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में वापसी की किसी संभावना से साफ इंकार किया है।
मरांडी ने आईएएनएस को बताया, "आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर किसी पार्टी के साथ जुड़ने या किसी गठबंधन में शामिल होने का सवाल ही नहीं पैदा होता। राष्ट्रीय पार्टियां राज्यों के हितों के लिए काम नहीं करतीं।"
मरांडी ने मीडिया की उन खबरों को निराधार बताया जिसमें कहा गया था कि वे भाजपा में वापसी कर सकते हैं या फिर भाजपा में अपनी पार्टी का विलय कर सकते हैं।
मरांडी, वर्ष 2000 में बिहार से टूट कर अलग हुए झारखंड राज्य के पहले मुख्यमंत्री बने थे। वर्ष 2006 में पार्टी नेताओं के व्यवहार से दुखी होकर उन्होंने भाजपा छोड़ दी और नई राजनीतिक पार्टी का गठन कर लिया।
आगामी लोकसभा व विधानसभा चुनावों के मद्देनजर भाजपा नेता मरांडी को पार्टी में वापस लाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। मरांडी का कहना है कि उनकी पार्टी राज्य की सभी 14 लोकसभा व 81 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications