गणतंत्र दिवस समारोह में प्रधानमंत्री की जगह रक्षा मंत्री रहेंगे
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि सोमवार सुबह अमर ज्योति पर राष्ट्र की ओर से श्रद्धांजलि इस बार एंटनी प्रदान करेंगे। बाईपास सर्जरी की वजह से प्रधानमंत्री इस बार गणतंत्र दिवस समारोह में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता सीतांशु कार ने आईएएनएस को बताया, "ये समारोह रक्षा मंत्रालय की ओर से आयोजित किए जाते हैं और प्रधानमंत्री की अनुपस्थिति में उनकी भूमिका का निर्वाह करना रक्षा मंत्री के लिए सामान्य बात है।"
सोमवार को परेड के अवसर पर रक्षा मंत्री ही राष्ट्रपति प्रतिभा देवीसिंह पाटिल और समारोह के मुख्य अतिथि कजाकिस्तान के राष्ट्रपति नुरसुल्तान नजरबायेव की अगवानी करेंगे।
एंटनी 28 जनवरी को नेशनल कैडेट कार्प्स (एनसीसी) की रैली की भी अध्यक्षता करेंगे। रक्षा मंत्री ही इस बार तीन मूर्ति भवन के लाउंज में एनसीसी कैडेट्स और गणतंत्र दिवस की झांकी के सदस्यों के जलपान का आयोजन करेंगे।
चिकित्सकों के अनुसार सर्जरी के बाद प्रधानमंत्री को सप्ताह भर अभी अस्पताल में ही रुकना होगा। प्रधानमंत्री के पूरी तरह स्वस्थ होने तक विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी उनके दायित्व संभालेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications